बिष्णुपुर: मणिपुर (Manipur) के बिष्णुपुर जिले में कुकी उग्रवादियों ने आज मंगलवार को रॉकेट से हमला (rocket attack) किया, इस हमले में दो बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई। हंगामे को बढ़ता देख पांच जिलों में इंटरनेट सस्पेंड कर दिया गया है।
घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच साल के लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया।
सरकारी आदेश के मुताबिक, मणिपुर सरकार ने मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से 3 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश दिया है।
पुलिस अधिकारी ने मीडिया में जवाब देते हुए बताया कि जब घर में बम फटा, उस समय दोनों बच्चे और उनकी मां सो रह थे। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया।
अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद ने कहा कि यह हमला ‘बर्बर कृत्य’ है। उन्होंने कहा कि यह ‘मानवता पर सीधा हमला है तथा मणिपुर में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश है।


