लखनऊ/अयोध्या। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अयोध्या के मास्टर प्लान को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या का मास्टर प्लान बार-बार बदला नहीं जा रहा, बल्कि कुछ “महाभ्रष्ट” लोगों द्वारा बदलवाया जा रहा है।
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा कि अयोध्या के निवासियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर मास्टर प्लान में लगातार बदलाव क्यों हो रहे हैं। उनके अनुसार, हर बार नए लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए सिफारिशें आती हैं, जिसके चलते पुराने मास्टर प्लान को निरस्त कर दिया जाता है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “गरम हथेलियां” पुराने प्लान को हटाने के लिए “नरम” हो जाती हैं, जिससे पहले से काम कर रहे लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है, जबकि कुछ लोग लखनऊ में बैठकर इस पूरे खेल को संचालित करते हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक शहर को भ्रष्टाचार से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि भाजपा कम से कम अयोध्या को “अधर्मी महा-भ्रष्टाचार” से मुक्त रखे।
गौरतलब है कि अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और मास्टर प्लान में बदलाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में आने वाले समय में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
अयोध्या मास्टर प्लान पर सियासत तेज, अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए आरोप


