25.5 C
Lucknow
Sunday, April 5, 2026

शराब ठेके से लौटते समय मिला घायल, अस्पताल में तोड़ा दम, गांव में शोक

Must read

 

औरैया

जनपद के अजीतमल क्षेत्र के ग्राम छोटी पड़रिया-ऊंचा में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार देर शाम घर से बुलाकर ले जाए गए किसान का कुछ घंटों बाद सड़क किनारे घायल अवस्था में मिलना और फिर अस्पताल में मौत हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 43 वर्षीय राजकुमार पुत्र … (परिवारजन) गांव में रहकर खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी विनीता, एक पुत्री और दो पुत्र हैं, जबकि वे अपनी दो पुत्रियों का विवाह पहले ही कर चुके थे। शनिवार की देर शाम गांव का ही युवक उमेश यादव उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित एक सरकारी शराब ठेके पर गए थे।
परिजनों के मुताबिक, देर रात तक जब राजकुमार घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता होने लगी। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद गांव के बाहर सड़क किनारे उनकी बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली और पास ही राजकुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। इस दौरान साथ गए युवक से पूछताछ की गई तो उसने सड़क दुर्घटना होने की बात कही।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और उनका भाई गौरव यादव तत्काल राजकुमार को रात करीब 10:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल हो गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस युवक की भूमिका को लेकर जो राजकुमार को अपने साथ ले गया था। वहीं, परिजन भी गहरे सदमे में हैं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या साजिश हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article