आगरा। जनपद के डौकी थाना क्षेत्र के बाजिदपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवती ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद एक युवक ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नदी में कूदकर उसकी जान बचा ली। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अचानक यमुना किनारे पहुंची और बिना कुछ कहे नदी में कूद गई। यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक युवक ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जांच में सामने आया है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, युवक की बहादुरी की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं और उसे सम्मानित किए जाने की मांग भी उठ रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक न हो तो उस पर विशेष ध्यान दिया जाए और समय रहते मदद पहुंचाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
यमुना में कूदी युवती, युवक की बहादुरी से बची जान


