23 C
Lucknow
Saturday, April 4, 2026

रेलवे विकास के लिए 99.51 करोड़ रुपये का बजट, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं का होगा निर्माण

Must read

बरेली
केंद्रीय बजट पेश होने के एक महीने बाद रेलवे ने बरेली के लिए पिंक बुक जारी कर दी है। इस वित्तीय वर्ष के लिए बरेली को 99.51 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस बजट से विभिन्न निर्माण और उन्नयन कार्य इसी साल शुरू कर दिए जाएंगे, जिससे शहर और आसपास के यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे सेवाएं मिल सकें।

बरेली जंक्शन पर अब प्रस्तावित 26-26 कोच की दो वॉशिंग लाइन के बजाय तीन वॉशिंग लाइन और दो सिक लाइन बनाई जाएंगी। इसके लिए 11.72 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। जंक्शन पर अत्याधुनिक एसी मेंटेनेंस शेड भी बनाया जाएगा, जिसमें इलेक्ट्रिक क्रेन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इसके लिए बजट में 13.82 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

जंक्शन के यार्ड में कोच मेंटेनेंस शेड का निर्माण भी होगा, इसके लिए 9.74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा यार्ड रिमॉडलिंग पर 48.90 करोड़ रुपये और प्लेटफॉर्म नंबर एक से चार तक क्विक वाटरिंग सिस्टम के लिए 2.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के सीबीगंज में 600 मीटर की स्टेबलिंग और वॉशिंग लाइन के लिए 9.74 करोड़ रुपये और ट्रैक मशीन के लिए 2.97 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि मंडल के ज्यादातर स्टेशनों का “अमृत भारत योजना” के तहत सुंदरीकरण और उन्नयन का काम पूरा हो चुका है। इज्जतनगर के दोनों अंडरपास का काम अगले माह तक पूरा हो जाएगा, जबकि सिटी श्मशान अंडरपास का काम भी तेजी से चल रहा है।

वित्त वर्ष 2025-26 में इज्जतनगर मंडल ने 6.90 करोड़ यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाकर देश में नौवां स्थान हासिल किया। रेलवे स्टेशनों के विकास, सुंदरीकरण और नई गाड़ियों के संचालन में इज्जतनगर मंडल पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) में अव्वल रहा। मंडल ने 560.19 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष से 3.81 फीसदी अधिक है। गैर-किराया, वाणिज्यिक आय और माल ढुलाई से होने वाली आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

इसके अलावा, मंडल ने मेल-एक्सप्रेस रेल सेवाओं में 12 फीसदी वृद्धि दर्ज की। इज्जतनगर, काठगोदाम, पीलीभीत और कासगंज स्टेशनों पर नेक्स्ट जेनरेशन प्रणाली लागू की गई है। 28 स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और एकीकृत प्रणाली का काम शुरू किया गया है। मंडल के पास 142 इलेक्ट्रिक और 58 डीजल लोकोमोटिव हैं, जो यात्रियों और माल ढुलाई की सुविधाओं को मजबूत बनाएंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article