गोंडा। जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के बनकटवा ईदगाह के पास अधिवक्ता प्रदीप कुमार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद आरोपी बस चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
बस ने बाइक सवार अधिवक्ता को रौंदा, प्रदीप कुमार की दर्दनाक मौत


