30 C
Lucknow
Friday, April 3, 2026

साइबर ठगी: फाइल खोलते ही खाते से 96 हजार उड़ाए- फूड ऑर्डर रिफंड के नाम पर जालसाजी

Must read

 

लखनऊ। राजधानी में साइबर अपराध का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फूड ऑर्डर के रिफंड के बहाने जालसाजों ने युवक के खाते से 96 हजार रुपये पार कर दिए। घटना आशियाना क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित निगम कुमार के अनुसार, उन्होंने 8 मार्च को स्वीगी के जरिए खाना ऑर्डर किया था। डिलीवरी में देरी होने पर उन्होंने ऑर्डर रद्द कर दिया और रिफंड के लिए इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजा। हालांकि, उस नंबर पर उनसे संपर्क नहीं हो सका।

कुछ देर बाद उनके पास एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कहा कि वह रिफंड प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक फाइल भेज रहा है। उसने भरोसा दिलाया कि फाइल खोलते ही पैसा वापस मिल जाएगा।

जालसाज द्वारा भेजी गई एपीके फाइल जैसे ही निगम कुमार ने अपने मोबाइल में डाउनलोड कर खोली, उनके बैंक खाते से 96 हजार रुपये निकल गए। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और बाद में आशियाना थाने में भी तहरीर दी।

पुलिस के मुताबिक, यह ठगी का नया तरीका है, जिसमें साइबर अपराधी एपीके फाइल के जरिए मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर लेते हैं और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बना लेते हैं। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article