36 C
Lucknow
Friday, April 3, 2026

थाने के पास चल रहा सट्टा नेटवर्क, आईपीएल के दौरान जिलेभर में फैलने के आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि थाने के पास छोटू कबाड़ी नाम से चर्चित व्यक्ति द्वारा खुलेआम सट्टे का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह कथित अवैध गतिविधि पुलिस के नजदीक ही बेखौफ ढंग से चल रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और अविश्वास का माहौल बन गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, छोटू कबाड़ी लंबे समय से सट्टा कारोबार में सक्रिय है और अपने अधीन कई छोटे सटोरियों का नेटवर्क संचालित करता है। आरोप है कि वह खुलेआम यह दावा करता फिरता है कि उसकी “ऊपर तक सेटिंग” है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही, यह भी चर्चा है कि वह जिम्मेदारों तक नियमित महीना पहुंचाने की बात कहकर अपने सहयोगियों को संरक्षण का भरोसा देता है, जिसके चलते नेटवर्क से जुड़े लोग बिना किसी डर के इस अवैध धंधे में लगे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कथित ऑनलाइन सट्टा मोबाइल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फोन कॉल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में आईपीएल मैचों के चलते इस कारोबार में तेजी आई है और पूरे जिले में इसका नेटवर्क फैलने की बात सामने आ रही है। युवाओं को तेजी से इस जाल में जोड़ा जा रहा है, जिससे उनके भविष्य पर संकट गहराता जा रहा है। कई परिवारों ने चिंता जताई है कि उनके घर के युवा इस गतिविधि की चपेट में आकर आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं, जिससे पारिवारिक तनाव और आर्थिक अस्थिरता बढ़ रही है।
गौरतलब है कि छोटू कबाड़ी के खिलाफ पूर्व में भी सट्टा और जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज होने की चर्चा है। इसके बावजूद यदि वह कथित रूप से थाने के पास ही अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है, तो यह पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब पुलिस के नजदीक ही ऐसी गतिविधियां पनप रही हैं, तो आमजन की सुरक्षा और कानून के भय का क्या महत्व रह जाता है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, आरोपों की सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी प्रकार की मिलीभगत पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पूरे मामले को लेकर लोगों की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article