फर्रुखाबाद। जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक माह की मासूम बच्ची की रजाई के अंदर दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत जसमई निवासी एक परिवार की एक माह की मासूम पुत्री ‘बेवी’ रात में घर पर सो रही थी। परिजनों ने ठंड से बचाने के लिए उसके ऊपर रजाई डाल दी थी। इसी दौरान मासूम का रजाई के अंदर दम घुट गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो आनन-फानन में बच्ची को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड से बचाव के दौरान इस तरह की लापरवाही कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाती है। चिकित्सकों का भी कहना है कि छोटे बच्चों को सुलाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि उनकी सांस लेने की क्षमता कमजोर होती है और ज्यादा ढकने से दम घुटने का खतरा बढ़ जाता है।
रजाई के अंदर दम घुटने से एक माह की मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम


