गाजियाबाद। हिण्डोन एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सफर अब महंगा हो गया है। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने जेट फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे टिकट की कीमतों में सीधा असर पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो द्वारा जेट फ्यूल सरचार्ज में करीब 30 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के चलते यात्रियों को अब प्रति टिकट लगभग 800 से 1000 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है।
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते यह निर्णय लिया गया है। ईंधन लागत एयरलाइंस के संचालन खर्च का बड़ा हिस्सा होती है, जिसके कारण कंपनियां समय-समय पर सरचार्ज में बदलाव करती हैं।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर खासकर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो हिंडन एयरपोर्ट से नियमित रूप से यात्रा करते हैं, क्योंकि यहां से कम दूरी की उड़ानों का संचालन अधिक होता है। किराए में बढ़ोतरी के बाद यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईंधन की कीमतों में इसी तरह वृद्धि जारी रही, तो आने वाले समय में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है। फिलहाल, यात्रियों को बढ़े हुए किराए के साथ ही अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।
गाजियाबाद में हवाई सफर महंगा: हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान पर बढ़ा बोझ, इंडिगो ने बढ़ाया जेट फ्यूल सरचार्ज


