लखनऊ/दादरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि सरकार के लोगों की भाषा बदल गई है और दादरी में मिले जनसमर्थन से भाजपा घबराई हुई है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि आने वाले समय में सपा और सहयोगी दल मिलकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनाएंगे और सामाजिक न्याय की स्थापना करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और यह बात स्पष्ट हो चुकी है।
उन्होंने कहा, “जब हमारी सरकार बनेगी तो बुरे दिन खत्म होंगे, यह जनता समझ चुकी है।”
इसके साथ ही उन्होंने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक व्यक्ति जो हस्ताक्षर तक नहीं कर सकता, उसके नाम पर दस्तखत कैसे हो गए और इस पर चुनाव आयोग ने क्या कार्रवाई की?
अखिलेश यादव ने पूर्वांचल के संदर्भ में भी बयान देते हुए कहा कि देवरिया और गोरखपुर के बीच की दूरी कम है, लेकिन वहां गलत गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में नकली नोट देश में आ रहे हैं और असली पैसा बाहर जा रहा है।
अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
अखिलेश यादव का बीजेपी पर तीखा हमला, बोले—भाषा बदल गई, जनता बदलाव चाहती है


