लखनऊ। राजधानी के गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र में केस दर्ज न होने से नाराज लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग थाने के बाहर इकट्ठा होकर पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने “SHO मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका कहना है कि यह हत्या का मामला है, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या बताकर मामला दबाने की कोशिश कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि मृतक को पहले से ही आरोपी द्वारा धमकियां दी जा रही थीं। इसके बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं, परिजनों का दावा है कि उनके पास आरोपी के खिलाफ ऑडियो और चैट जैसे ठोस साक्ष्य मौजूद हैं, फिर भी अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।
केस दर्ज न होने पर भड़का आक्रोश, गोसाईगंज कोतवाली में प्रदर्शन


