35 C
Lucknow
Wednesday, April 1, 2026

ईदी के 1500 रुपये के विवाद ने ली चार जिंदगियां, पत्नी और मासूम बच्चों की हत्या के बाद पेंटर ने की आत्महत्या

Must read

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरवट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 1500 रुपये की ईदी को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद चार लोगों की मौत का कारण बन गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और परिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव की भयावह तस्वीर पेश की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरवट निवासी पेंटर इरशाद (34) का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं उसकी पत्नी नोरीन (30) की लाश कमरे के फर्श पर पड़ी थी, जबकि उनके मासूम बेटे आहिल (2 वर्ष) और एक माह की बेटी अक्शा के शव बिस्तर पर पड़े मिले। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से मोहल्ले में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बच्चों के मुंह से झाग निकलता हुआ पाया गया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें जहर देकर मार दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले ईद के मौके पर इरशाद की बहन शाहीन अपने मायके आई थी। इस दौरान इरशाद ने अपनी बहन को ईदी के रूप में 1500 रुपये दिए थे, जिसे लेकर उसकी पत्नी नोरीन ने आपत्ति जताई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि परिवार में तनाव की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार को बहन के वापस जाने के बाद नोरीन ने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया, जिसके बाद देर रात तक घर में विवाद और हंगामा चलता रहा। पड़ोसियों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन अंदर ही अंदर तनाव बना रहा, जो अंततः इस भयावह घटना में बदल गया।
मृतक इरशाद के भाई ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक छोटे से विवाद ने इतना बड़ा और खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article