लखनऊ। राजधानी के माल थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले 55 हजार रुपये के लेनदेन का बहाना बनाकर युवक को बुलाया और फिर सुनियोजित तरीके से उसका अपहरण कर लिया।
पीड़ित के मुताबिक, जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, कार सवार बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी शेरा सिंह समेत 5-6 लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, युवक की आंखों पर पट्टी बांधकर उसे एक बाग में ले जाया गया, जहां घंटों तक टॉर्चर किया गया।
आरोप है कि बदमाशों ने युवक से उसका यूपीआई पिन जबरन पूछकर उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए। साथ ही उसे एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो बनाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गई, जिससे युवक पूरी तरह डर गया।
मामला यहीं नहीं रुका, आरोपियों ने युवक के परिजनों से करीब एक लाख रुपये की फिरौती भी वसूल की, जिसके बाद उसे छोड़ा गया। जाते समय बदमाश युवक का आईफोन और बाइक भी लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


