लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जनता दर्शन कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और पारिवारिक मामलों से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। उप मुख्यमंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर पीड़ित को न्याय दिलाना शासन की जिम्मेदारी है। मौर्य ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक सुनवाई करते हुए आश्वासन दिया कि हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस पहल को आमजन के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग इसे सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक मान रहे हैं।


