बांदा।जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार करीब 1988 घनमीटर मौरंग के अवैध खनन का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
खनन अधिकारी राज रंजन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें जांच के बाद अवैध रूप से मौरंग निकालने और उसके परिवहन में शामिल लोगों की पहचान की गई। बताया जा रहा है कि इस मामले में हमीरपुर क्षेत्र से जुड़े मौरंग तस्करों की भूमिका सामने आई है, जिन पर शिकंजा कसते हुए FIR दर्ज कराई गई है।
मामले में मटौंध थाने में 27 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में इस पर सख्ती बेहद जरूरी है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज


