कौशांबी 19 मार्च को हुए मिश्री लाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करारी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर का यह मामला स्थानीय जमीन विवाद से जुड़ा हुआ था। मृतक की बेटी गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने तीन जांच टीमों का गठन किया।
जांच में टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवीदयाल का पुरा मजरा टेवा निवासी बच्चा लाल पुत्र लल्लू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 18 मार्च को वह अपनी ससुराल ग्राम इब्राहिमपुर लोधन का पुरवा आया था और उसी दौरान उसने हत्या की योजना बनाई थी।
आरोपी ने बताया कि उसकी बहन ने मिश्री लाल के भाई मोहन लाल के साथ मिलकर कुछ जमीन अपने नाम करवा ली थी। इसी जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था और मिश्री लाल नाराज थे। विवाद के चलते आरोपी ने हत्या करने का फैसला किया और वारदात अंजाम दिया।
18 मार्च की रात मिश्री लाल घर में अकेले सो रहे थे। आरोपी चुपके से घर में घुसा और ईंट से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को चारपाई से नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे उसने लोगों को घटना की जानकारी दी, ताकि उस पर शक न हो।
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच के बाद आरोपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो गई और हत्या का रहस्य सुलझ गया।


