हरदोई
जनपद के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के पुरवावां गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें बाइक तालाब में गिर जाने से 20 वर्षीय युवक धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त नवाब गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कासिमपुर थाना क्षेत्र के बेहसार गांव निवासी धर्मेंद्र शुक्रवार देर शाम अपने मित्र नवाब के साथ बाइक से घूमने निकले थे। रात भर दोनों घर नहीं लौटे, जिससे परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह पुरवावां गांव के तालाब में एक बाइक पड़ी दिखाई दी, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ। पास जाकर देखा गया तो धर्मेंद्र का शव तालाब के पानी में मिला, जबकि कुछ दूरी पर नवाब घायल अवस्था में पड़े कराह रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत नवाब को बाहर निकालकर प्राथमिक मदद दी और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। धर्मेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल नवाब को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र अविवाहित थे और लुधियाना में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह पांच दिन पहले ही अपने गांव आए थे। परिवार में सबसे छोटे होने के कारण वह सभी के चहेते थे। इस अचानक हुई घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।


