32 C
Lucknow
Monday, March 30, 2026

सड़क हादसों पर सख्ती, अनफिट स्कूल वाहन होंगे सीज, डीएल भी होंगे निरस्त

Must read

फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न अधिकारियों और विद्यालयों के प्रबंधकों को बुलाया गया।
यातायात विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 तक जनपद में 81 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 51 लोगों की मौत हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 65 दुर्घटनाओं में 40 लोगों की जान गई थी। दुर्घटनाओं में इस वृद्धि पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में एआरटीओ ने जानकारी दी कि जनपद में स्कूलों के नाम पर 486 वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 130 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। इनमें 33 वाहन 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं, जबकि स्कूली वाहनों की अधिकतम आयु सीमा 15 वर्ष निर्धारित है। इसके अलावा 218 वाहनों के परमिट भी समाप्त पाए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाकर सभी अनफिट स्कूल वाहनों को सीज किया जाए। साथ ही बीएसए और डीआईओएस को ऐसे विद्यालयों के खिलाफ मान्यता समाप्त करने और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी स्कूलों में परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करना भी अनिवार्य किया गया है।
एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति पर भी बैठक में चिंता जताई गई। वाहन-4 पोर्टल के अनुसार जनपद में 110 निजी एम्बुलेंस पंजीकृत हैं, जिनमें से 53 की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। परिवहन विभाग द्वारा अब तक 3 एम्बुलेंस का चालान और 2 को सीज किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सीएमओ, पुलिस और परिवहन विभाग को अस्पतालों में विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा-19 के तहत ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, डीआईओएस नरेन्द्र पाल सिंह, बीएसए वी.पी. सिंह, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article