फर्रुखाबाद।
कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत धन्सुआ गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां मानसिक रूप से परेशान एक महिला ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धन्सुआ निवासी दीपक श्रीवास्तव पुत्र यदुवीर सिंह ने बताया कि उनकी मां उमा देवी काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। शनिवार को घर के अन्य सदस्य किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे, जिससे उमा देवी घर में अकेली थीं।
इसी दौरान उन्होंने घर के लेंटर में लगे जल (हुक) में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय बाद जब परिजन वापस लौटे तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मानसिक तनाव से जूझ रही महिला ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम


