24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

तेज रफ्तार कार लेंटर मशीन में घुसी, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Must read

 

इटावा

जनपद के भरथना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। भरथना-बकेवर मार्ग पर कुंवरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी लेंटर मशीन में तेज रफ्तार कार के घुस जाने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के लुधियानी गांव निवासी 55 वर्षीय हरवंश पुत्र राम दुलारे और 30 वर्षीय सादिक अली पुत्र अफसर अली अपने अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर और लेंटर मशीन के जरिए मंडी रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान भरथना ब्लॉक के समीप उन्होंने लेंटर मशीन को सड़क किनारे खड़ा कर अन्य मजदूरों का इंतजार करना शुरू कर दिया। दोनों मजदूर मशीन पर बैठे हुए थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रही राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार अनियंत्रित होकर सीधे लेंटर मशीन में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और लेंटर मशीन पर बैठे दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर ही कार बंद हो गई। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे उसका नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा और यह हादसा हो गया।
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी लापरवाही सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना देने के बावजूद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को बाइक के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने हरवंश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सादिक अली का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। साथ ही समय पर एंबुलेंस सेवा न पहुंचने से भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article