बांदा। जिले में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मटौंध थाना क्षेत्र के खैराडा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेलर तेज रफ्तार में थे और आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई और आग ने विकराल रूप ले लिया।
हादसे में दोनों ट्रेलरों के ड्राइवर और एक खलासी आग की चपेट में आ गए और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एक घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।


