36 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

दो ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग, तीन लोगों की जलकर दर्दनाक मौत

Must read

बांदा| झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रेलर अचानक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के कारण ट्रेलरों में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे में गिट्टी से भरे एक ट्रक का खलासी 23 वर्षीय अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मटौंध थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दोनों ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक ने बताया कि वाहनों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों और मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article