28 C
Lucknow
Tuesday, March 24, 2026

खेत में भैंस घुसने को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला—दो युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

Must read

 

अमृतपुर/फर्रुखाबाद।

थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम फखरपुर में खेत में भैंस घुसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रहीस पुत्र उजागर अपने जानवर (भैंस) लेकर खेतों की तरफ से घर लौट रहे थे। रास्ते में रामऔतार का खेत पड़ता है, जिसमें कथित रूप से भैंस घुस गई और फसल को नुकसान पहुंचा दिया। इस बात को लेकर रामऔतार पक्ष ने आपत्ति जताई और जानवर घुसाने का विरोध किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रहीस पुत्र उजागर, सोनू पुत्र रहीस और पंकज पुत्र रहीस ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कमलेश पुत्र रामऔतार और वीरपाल पुत्र रामऔतार गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान दोनों युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article