40.1 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से 4 की मौत, 9 घायल

Must read

संभल
आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। धनारी थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवती और एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टेंपो पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार बहजोई से बरवाला की ओर अत्यधिक तेज गति से जा रही थी। उधरनपुर गांव के पास कार चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे टेंपो से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार महिलाएं व बच्चे सड़क पर घायल अवस्था में बिखर गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।

इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घायलों में शामिल रजनी की मां प्रवेश ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली में रेहड़ी लगाकर गुजर-बसर करता है और लंबे समय बाद गांव लौट रहा था। घर से महज 10 मिनट की दूरी पर यह हादसा हो गया, जिसमें 14 वर्षीय रजनी की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

इसी तरह मृतक 20 वर्षीय राजेश के पिता कल्लू का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका इकलौता बेटा गंगा स्नान के लिए निकला था और अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी। घर में जहां खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और एक बार फिर तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article