राजधानी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में पुलिस ने 6 पतंगबाजों को गिरफ्तार किया, जो चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम इलाके में लोगों को चाइनीज मांझे के खतरों के प्रति जागरूक कर रही थी और इसके इस्तेमाल से मना कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग पुलिस की बात मानने के बजाय उलझ पड़े और हंगामा करने लगे।
पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद जब आरोपियों ने विरोध और हंगामा जारी रखा, तो उन्हें मौके से हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। बाद में सभी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है और इससे आए दिन राहगीर, बाइक सवार और पक्षी गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई मामलों में तो जानलेवा हादसे भी सामने आ चुके हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न करें और सुरक्षित तरीके से पतंगबाजी करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


