28 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

पंचायती राज विभाग का बड़ा खेल उजागर, करोड़ों के भुगतान पर जांच शुरू

Must read

उन्नाव। जनपद में जिला पंचायती राज विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। एक ही फर्म को करोड़ों रुपये का भुगतान किए जाने के बाद अब शासन स्तर से जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा “जय बुढ़वा बाबा इंटरप्राइजेज” नामक फर्म से करीब 1.90 करोड़ रुपये की सामग्री आपूर्ति कराई गई। हैरानी की बात यह है कि बड़े पैमाने पर खरीद और भुगतान एक ही फर्म के माध्यम से किया गया, जिस पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बिना पर्याप्त प्रतिस्पर्धा और पारदर्शिता के इतनी बड़ी धनराशि का भुगतान किया जाना नियमों के खिलाफ माना जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्राथमिक जांच में यह भी देखा जाएगा कि सामग्री आपूर्ति की प्रक्रिया, निविदा (टेंडर) व्यवस्था और भुगतान की फाइलों में कहीं गड़बड़ी तो नहीं हुई। साथ ही संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।
इस पूरे प्रकरण के उजागर होने के बाद विभागीय अधिकारियों में खलबली मची हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कई अधिकारियों और संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
शासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article