25 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

खेल सम्मान समारोह: सीएम योगी बोले—खेल से बनती है अनुशासन और उत्कृष्टता की नींव

Must read

– लिएंडर पेस और मिताली राज को सम्मान, यूपी को ‘स्टेट ऑफ द इयर’; खेल ढांचे को मजबूत करने पर सरकार का जोर
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने राजधानी में आयोजित भव्य स्पोर्ट्स अवॉर्ड समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रतिभावान खिलाड़ियों का उत्तर प्रदेश की धरती पर आगमन हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समन्वय और जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। खेल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस भी देता है।
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद से नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी योजनाओं को मिशन मोड में आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर गांव में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और प्रत्येक जिले में स्टेडियम विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके अलावा वाराणसी और गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, जबकि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना भी की गई है।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करना है, ताकि स्थानीय युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने खेल नीति में बदलाव करते हुए उन्हें सरकारी नौकरियों में अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है, जिससे वे निश्चिंत होकर अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
समारोह में देश के कई दिग्गज खिलाड़ियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान टेनिस स्टार लिएंडर पेस को ‘मेंटॉर ऑफ द इयर’ और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा हॉकी खिलाड़ी पी. आर. श्रीजेश, फुटबॉल स्टार बाइचुंग भूटिया, क्रिकेटर कुलदीप यादव, हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा और हरलीन देओल सहित कई खेल हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को खेल ढांचे और नीतियों में किए गए सुधारों के लिए ‘स्टेट ऑफ द इयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं ‘टीम ऑफ द इयर’ का पुरस्कार भारत की महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को और ‘फेडरेशन ऑफ द इयर’ का सम्मान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को दिया गय।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करने का भी माध्यम बनते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों और मीडिया समूह का आभार जताया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article