मध्यप्रदेश की फर्जी जमा रसीद लगाने का आरोप
– कोतवाली फर्रुखाबाद में मुकदमा दर्ज; लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई तेज
फर्रुखाबाद।
जनपद में चर्चित हथियार लाइसेंस प्रकरण में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह और उनकी पत्नी, पूर्व पालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में गंभीर अनियमितताओं और कथित फर्जी दस्तावेजों के उपयोग के आरोप सामने आए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागालैंड से जारी दो लाइसेंस पर बंदूक और रायफल बनवाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आपराधिक मुकदमे दर्ज होने के बाद इन हथियारों को जमा नहीं कराया गया, जबकि जिला प्रशासन को मध्यप्रदेश की एक कथित फर्जी रसीद दिखाकर यह दर्शाने की कोशिश की गई कि हथियार जमा कर दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिलाधिकारी कार्यालय में चल रही लाइसेंस निलंबन की फाइल में भी उक्त रसीद संलग्न की गई है, जिससे प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया गया। हालांकि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि संबंधित हथियार वास्तव में जमा ही नहीं किए गए थे।
इस पूरे मामले में कोतवाली फर्रुखाबाद में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई अंतिम चरण में बताई जा रही है।
जिला प्रशासन के सख्त रुख के बाद इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


