25 C
Lucknow
Saturday, March 21, 2026

गैस एजेंसी पर जबरन सिलेंडर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित साईंधाम कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडेन गैस सर्विस के संचालक राजेश मिश्रा ने कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में जबरन गैस सिलेंडर ले जाने और बाद में सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 16 मार्च को गांव घसिया चिलौली निवासी सुमित मिश्रा बिना किसी वैध बुकिंग या ई-केवाईसी प्रक्रिया के गैस एजेंसी पर पहुंचा। आरोप है कि उसने नियमों की अनदेखी करते हुए एजेंसी से जबरन दो भरे हुए गैस सिलेंडर उठा लिए। जब एजेंसी संचालक राजेश मिश्रा ने इसका विरोध किया, तो मौके पर तीखी बहस हो गई और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
बताया जा रहा है कि यह विवाद यहीं नहीं थमा। आरोप है कि इसके बाद सुमित मिश्रा के भाई अमित मिश्रा और सहयोगी मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर एजेंसी संचालक के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां पोस्ट कीं। पीड़ित राजेश मिश्रा का कहना है कि वह दिव्यांग हैं और आरोपियों ने उनके शारीरिक स्थिति को लेकर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है।
राजेश मिश्रा ने यह भी आशंका जताई है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक और भड़काऊ संदेशों के कारण एजेंसी पर भीड़ एकत्रित हो सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार भी एजेंसी परिसर में ही निवास करता है, ऐसे में उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कायमगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एम.एम. चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुमित मिश्रा, अमित मिश्रा और मनोज तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article