– सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस, अधिकारियों को दिए निर्देश
फर्रुखाबाद।
ईद-उल-फितर के अवसर पर जनपद में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र के विभिन्न नमाज स्थलों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति और यातायात प्रबंधन का गहन निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नमाज के दौरान और उसके बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने साफ-सफाई और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि ईद का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाया जा सके।
ईद पर प्रशासन रहा अलर्ट: डीएम-एसपी ने नमाज स्थलों का किया निरीक्षण


