– बेवर रोड ईदगाह में सैकड़ों लोगों ने मांगी अमन-चैन की दुआ, प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण आयोजन
मोहम्मदाबाद।
रमज़ान के पाक महीने के समापन पर मनाए जा रहे ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर मोहम्मदाबाद क्षेत्र में उल्लास और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। बेवर रोड स्थित ईदगाह में सुबह लगभग 9 बजे सैकड़ों अकीदतमंदों ने एक साथ नमाज़ अदा कर अल्लाह से रहमत, बरकत और मग़फिरत की दुआ मांगी।
नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
ईदगाह में मस्जिद के इमाम नुरुल हसन क़िब्ला ने ख़ुत्बा पेश करते हुए ईद-उल-फितर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में देश की सलामती, अमन-चैन और आपसी एकता बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें भाईचारे, सहिष्णुता और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है।
इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हरीश कुमार यादव और समाजसेवी ब्रजेश दुबे सहित कई लोगों ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
कार्यक्रम के समापन पर मस्जिद कमेटी के सदर नूर अहमद, खजांची अकबर मंसूरी, रफीक अहमद, मोहम्मद इस्लाम शाह, उस्मान मंसूरी, उमर खान, समीम गफ्फारी, सिराजुद्दीन सिद्दिकी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज़, गले मिलकर दी मुबारकबाद


