संभल| जिले के मेरठ-बदायूं हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि होटल से खाना खाकर घर लौट रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
यह घटना गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई। मृतक की पहचान श्रीपाल (45) पुत्र भूरे सिंह के रूप में हुई है, जो घोंसली वाहन गांव का निवासी था। वह गांव कादराबाद स्थित एक होटल से खाना खाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्रीपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां से पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार शाम को गांव के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और चार बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
मामले में थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि सड़क हादसे में घायल ग्रामीण की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।


