आज सेंट पॉल इंटर कॉलेज में त्रिदिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि जनपद में कुल 104 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 40-40 प्रशिक्षुओं के दो बैचों को 20, 21 एवं 22 मार्च तक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। द्वितीय चरण में शेष 24 प्रशिक्षुओं को 23, 24 एवं 25 मार्च को प्रशिक्षण दिया जाएगा|
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़ों का उपयोग विभिन्न मंत्रालयों द्वारा नीतिगत योजना निर्माण, विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने तथा सामाजिक, आर्थिक एवं भौगोलिक संरचनाओं के आकलन में किया जाता है। यह जनगणना पूर्णतः डोर-टू-डोर पद्धति से संपन्न की जाएगी, जिससे कोई भी परिवार अथवा व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण सत्र में अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य अत्यंत सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए, कोई भी भू-भाग, भवन अथवा एकल संरचना गणना से छूटनी नहीं चाहिए तथा प्रत्येक मकान की गणना अनिवार्य रूप से की जाए।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि संपूर्ण जनगणना कार्य डिजिटल माध्यम से गूगल मैप्स के सहयोग से किया जा रहा है तथा एचएलबी के माध्यम से सभी क्षेत्रों का कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान 34 प्रकार की प्रश्नावली के विकल्पों का विस्तारपूर्वक समझाया जा रहा है, जिससे डाटा संकलन में एकरूपता एवं शुद्धता बनी रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर के रूप में मुखिता ART (Academic Resource Person) एवं AT (Assistant Teacher) प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा आशा व्यक्त की गई कि यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।


