20 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

श्रद्धा,आस्था और विश्वास का पर्व : गणगौर

Must read

(अंजनी सक्सेना – विनायक फीचर्स)

भारत में प्रत्येक त्यौहार मानव मन की आस्था और अटूट विश्वास से जुड़ा हुआ है। भारतीय नारियों के भी अपने कुछ व्रत हैं, जो उनके आस्था और विश्वास से गहरे जुड़े हुए हैं। भारतीय समाज में स्त्री का पतिव्रता और सौभाग्यवती होना सम्मान माना जाता है। इसी पतिव्रत धर्म और सौभाग्य की रक्षा के लिए भारतीय नारियां अनेक व्रत भी करती हैं। करवा चौथ, हरतालिका तीज, वट सावित्री, अमावस्या और गणगौर ऐसे ही प्रमुख व्रत हैं जिनके द्वारा भारतीय नारी अच्छे पति और सौभाग्य की कामना करती हैं।

गणगौर का व्रत चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया को किया जाता है। इस दिन भगवान शिव ने देवी पार्वती को और देवी पार्वती ने अनेक स्त्रियों की पतिव्रता और सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद दिया था। मान्यता है कि गणगौर के दिन देवी पार्वती ने पहले पूजा करने वाली निर्धन स्त्रियों को वस्त्र, आभूषण तथा सौभाग्यवती होने का वरदान दिया था तथा बाद में आने वाली संपन्न स्त्रियों को रक्त सुहाग देते हुए पतिव्रता एवं सौभाग्यशाली होने का आशीर्वाद दिया।

इसी दिन देवी पार्वती की पूजा से प्रसन्न होकर महादेव ने पार्वती को वरदान दिया कि आज के दिन जो स्त्री मेरा पूजा तथा तुम्हारा व्रत करेगी उसके पति चिरंजीव रहेंगे तथा अंत में उन्हें मोक्ष मिलेगा। पार्वती ने शिव की यह पूजा एवं व्रत छिपाकर किया था इसलिए आज भी इस व्रत में पूजन पुरुषों के सामने नहीं की जाती है।

गणगौर मुख्य रूप से राजस्थानी महिलाओं का पर्व है, जिसमें वे भगवान शिव एवं पार्वती की पूजा अर्चना करती हैं। इस तरह गणगौर, शिव पार्वती की पूजा का पर्व है। गण यानि शिव और गौर यानि पार्वती, कुल मिलाकर गणगौर भगवान शंकर और पार्वती के ही दूसरे नाम हैं। देवी पार्वती ने भगवान शंकर को काफी तपस्या के बाद पति के रूप में पाया था, इसलिए पार्वती के समान सदा सौभाग्यवती रहने के लिए युवतियां और महिलाएं गौर की पूजा करती हैं। वे गौर से आशीर्वाद स्वरूप अमर सुहाग की कामना करती हैं।

गणगौर का पर्व राजस्थान में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। यहां गणगौर के सोलह दिन पहले यानि होलिका दहन के दूसरे दिन होली की राख से गौर मूर्ति बनाकर स्थापित की जाती है। कई जगह गौर प्रतिमा लकड़ी की भी बनायी जाती है। इस प्रतिमा की सोलह दिन तक लगातार पूजा-अर्चना की जाती है। सुबह सबेरे गौर को झूला झुलाया जाता है। इसे मालवा अंचल में गौर झुलाना भी कहते हैं।

राजस्थानी युवतियां गणगौर पूजा के लिए सोलह दिन तक प्रात: काल सात कलश सिर पर रखकर ले जाती हैं और उन्हें नजदीक के नदी, तालाब या कुएं से भरकर लाती हैं। इसी जल एवं दूब के साथ गणगौर की पूजा की जाती है। सोलहवां दिन (चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया) गौर की विदा का दिन होता है। माना जाता है कि इस दिन भगवान शंकर गौर को लेने आते हैं और गौर अपनी सखियों से बिछुड़कर महादेव के साथ चली जाती है। गणगौर की विदा शोभा यात्रा के रूप में होती है।

राजस्थान के जयपुर की गणगौर यात्रा तो इतनी प्रसिद्ध है कि उसे देखने के लिए देश के कोने-कोने से लोग एकत्रित होते हैं। बैंडबाजों से सजी गणगौर यात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ-साथ बाराती भी होते हैं और पालकी में होती है गणगौर।

राजस्थानी और मालवी स्त्रियां गणगौर का पूजन अलग-अलग रूपों में करती हैं। विवाहित महिलाएं आशीर्वाद स्वरूप अमर सुहाग की कामना करती है, तो कन्याएं गौर से अपने लिए अच्छे पति की कामना करती हैं। युवतियां गौर की पूजा सखी रूप में करती हैं। गौर का यही रूप गणगौर पूजन में मुख्य माना गया है।

सोलह दिनों तक गौर को सखी मानकर पूजा की जाती है, इसलिए गौर के समक्ष हंसी ठिठौली भी पूजा में शामिल रहती है। गौर पूजा में लोकगीतों का भी भरपूर उपयोग किया जाता है। इन लोकगीतों में जहां भक्ति का पुट होता है, वहीं शिकायतें और हंसी मजाक भी।

गणगौर की पूजा में गौर को सखी माना गया है। जब पूजा सखी भाव से की जा रही है, तो उन्हें भोजन कराना भी आवश्यक है। जब गौर को भोजन करा दिया तो पानी भी पिलाना पड़ेगा। गौर को पानी पिलाना आसान नहीं है। जब तक गौर को पानी पिलाने वाली सखी अपने पति का नाम नहीं बता दे वह पानी नहीं पिला सकती। पुराने समय में युवतियां शर्म और संकोच के कारण अपने पति का नाम लेने में झिझकती थी, इसलिए वे अपने पति का नाम दोहों में पिरोकर लेती थीं और गौर को पानी पिलाती थी। अब यह परंपरा सी ही बन गयी है।

घर की बड़ी-बूढ़ी महिलाएं गणगौर को घर की बेटी की तरह विदा करती है। गौर को पूरे जेवर पहनाये जाते हैं और राह के लिए नाश्ता भी साथ रखा जाता है। अब प्रतीक रूप में घर में बेसन के आभूषण बनाकर गौर को पहनाये जाते हैं जो अंत में गौर के साथ ही विसर्जित कर दिये जाते हैं।

गौर के विसर्जन के पूर्व एक शोभा यात्रा निकाली जाती है, फिर नजदीकी नदी, तालाब या कुएं में गौर विसर्जन किया जाता है। विसर्जन करते समय महिलाएं भाव विह्वल हो उठती हैं और गौर की निशानी के रूप में उसकी चुनरी का एक छोर फाड़कर अपने पास रख लेती है।

आधुनिक समाज में समय की तेज रफ्तार के आगे गणगौर की पूजा भी सिमट चली है। पहले सोलह दिनों तक चलने वाला यह उत्सव कई स्थानों पर एक या दो दिन में सिमटकर रह गया है। अब तो गणगौर की मुख्य पूजा वाले ही दिन बाजार से मिट्टी की बनी गणगौर प्रतिमा मंगा ली जाती है, और उसे पूजन के उपरांत विसर्जित कर दिया जाता है। प्रतीक रूप में आज भी गणगौर की पूजा बरकरार है और आज भी अनेक युवतियां और महिलाएं बड़े ही श्रद्धा और विश्वास के साथ गौर की मित्रवत पूजा अर्चना करती है और गणगौर को विसर्जित करते समय इस तरह भावुक हो उठती हैं जैसे उनका कोई आत्मीय जन उनसे बिछुड़ रहा हो।

(विभूति फीचर्स)

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article