– समाजसेवी खेमका परिवार की धर्मशाला पर कब्जे का आरोप, जुआ और आपराधिक
– गतिविधियों का केंद्र बनने का दावा
फर्रुखाबाद: शहर के नाला मछरटा क्षेत्र में स्थित समाजसेवी खेमका परिवार द्वारा निर्मित धर्मशाला को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि इस सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाई गई धर्मशाला पर सपा के पूर्व विधायक रहे विजय सिंह द्वारा अवैध कब्जा कर उसे निजी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि यह स्थान लगातार आपराधिक गतिविधियों का केंद्र रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस धर्मशाला में कथित रूप से समाज विरोधी तत्वों की बैठकें होती रहीं हैं और आपराधिक योजनाएं तैयार की जाती रहीं हैं। आरोप यह भी है कि यहां लाखों रुपये के जुए का खेल पूर्व विधायक के पुत्रों के संरक्षण में संचालित होता है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब रहा है।
लोगों का कहना है कि धर्मशाला जैसी सार्वजनिक संपत्ति का इस तरह दुरुपयोग न केवल गैरकानूनी है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध कब्जा हटाकर भवन को सरकार के अधीन लिया जाए।
स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने यह भी मांग रखी है कि इस स्थान पर स्थायी रूप से पुलिस चौकी स्थापित की जाए या फिर नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) का कार्यालय बनाया जाए, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था कायम रह सके और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
मामले को और गंभीर बनाते हुए यह भी आरोप लगाया गया है कि यदि पूर्व विधायक के आवास की सघन तलाशी ली जाए, तो वहां से अवैध हथियारों का जखीरा भी बरामद हो सकता है। इससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।


