27 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

होटलों-रेस्टोरेंट्स पर छापा, 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर स्थित होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई बढ़पुर, रेलवे रोड, चौक और ठंडी सड़क से लेकर मंडी रोड तक संचालित की गई, जहां व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों के उपयोग की जांच की गई।

जांच टीम में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अमित चौधरी और वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने ग्रांड सेवर रेस्टोरेंट, होटल अयोध्या, मोती महल रेस्टोरेंट, न्यू नीलम रेस्टोरेंट, होटल आनंद, सीमा बेकरी, ओम साईं बेकरी, गृहस्थी रसोई सेंटर, बन मिष्ठान भंडार, पूर्विका रेस्टोरेंट एवं कैफे, मधुर मिलन रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। कार्रवाई करते हुए टीम ने 11 घरेलू गैस सिलेंडर मौके पर जब्त कर लिए। अधिकारियों ने बताया कि यह कृत्य द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 का उल्लंघन है, जिसके तहत दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग सुनिश्चित करें। अन्यथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article