देवेश कुशवाहा फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षक समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाध्यक्ष यतेन्द्र यादव के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय एवं वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) रविन्द्र सिंह से मिला। इस दौरान संगठन की ओर से विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद दोनों अधिकारियों ने संबंधित पटल सहायकों को त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही संगठन को ज्ञापन में उल्लिखित सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से शिक्षकों के लंबित एरियर का भुगतान, जनवरी से मार्च 2025 एवं जुलाई से सितम्बर 2025 तक के डीए डिफरेंस का भुगतान, एनपीएस के तहत काटी गई धनराशि को खातों में जमा कराने, दिसम्बर 2025 से फरवरी 2026 तक की एनपीएस कटौती जमा कराने, रसोइया मानदेय के भुगतान और एमडीएम की कन्वर्जन कॉस्ट समय से खातों में भेजने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के देयकों के शीघ्र निस्तारण की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने अरांव ब्लॉक के शिक्षकों की वेतन वृद्धि में हुई लिपिकीय त्रुटि का मुद्दा भी उठाया और प्रभावित शिक्षकों की सूची सौंपते हुए आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया।
इस पर बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने संबंधित पटल सहायक को बुलाकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष यतेन्द्र यादव के साथ जिला मंत्री सलिल यादव और जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार शामिल रहे।


