निरीक्षक ललित कुमार बने नए थाना प्रभारी
फर्रुखाबाद। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र में युवक के साथ हुई मारपीट के मामले से ज्यादा चर्चा ‘सेम बीज विवाद ने पकड़ ली है। पीड़ित पक्ष द्वारा थाना प्रभारी पर सेम के बीज मांगने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए।मामला कादरी गेट क्षेत्र के निवासी अनिकेत कुमार से जुड़ा है, जिनके साथ ससुराल पक्ष द्वारा रूप से बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसमें वह गंभीर घायल हो गए । इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने से परिजन पहले ही आक्रोशित थे।
इसी बीच पीड़ित के चाचा रवि कुमार ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी अवध नारायण पांडे ने होली के मौके पर उनसे 10 किलो ‘सेम बीज’ दालमोठ की मांग की थी। आर्थिक तंगी के चलते वे केवल 5 किलो बीज ही दे सके, लेकिन इसके बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उल्टा उन्हें समझौते का दबाव बनाया जा रहा था।
इस आरोप के सामने आने के बाद यूथ इंडिया ने मामले को गंभीरता से उठाया । पीड़ित पक्ष ने पुलिस और आरोपियों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आरती सिंह ने जांच अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार को सौंपी। जांच के बाद थाना प्रभारी अवध नारायण पांडे का तबादला कर उन्हें आयोग सेल भेज दिया गया है। उनके स्थान पर ललित कुमार को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


