फर्रुखाबाद। नगर पालिका में नामित सभासदों की सूची जारी होने के बाद भोलेपुर निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद राकेश कटियार का नाम एक बार फिर शामिल न होने से उनके समर्थकों में मायूसी छा गई है।
बताया जा रहा है कि राकेश कटियार ने पूरी जिंदगी भारतीय जनता पार्टी को समर्पित की है और वह दो बार सभासद भी रह चुके हैं। उनके परिवार का भी पार्टी से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके बेटे गौरव कटियार वर्तमान में फतेहगढ़ भाजपा मंडल के महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं।
स्थानीय स्तर पर सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित माने जाने वाले राकेश कटियार का नाम इस बार भी नामित सभासदों की सूची से बाहर रहने पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। समर्थकों का कहना है कि पार्टी के प्रति वर्षों की निष्ठा और सेवा के बावजूद उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पिछली बार नगर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा भी उनका नाम प्रस्तावित किया गया था, लेकिन संगठन स्तर पर सहमति न बन पाने के चलते उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो सका था। इस बार भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया और उनका नाम फिर कट गया।
इस फैसले से राकेश कटियार के समर्थकों में नाराजगी और निराशा देखी जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
भाजपा नेता राकेश कटियार का नाम फिर सूची से बाहर, समर्थकों में मायूसी


