हरदोई जिले के विकास खंड क्षेत्र के रावल उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय की चारदीवारी अचानक गिरने से दो छात्र मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक छात्र को छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल छात्रों में रावल निवासी सोनपाल का पुत्र शिवांश (11) और कक्षा छह का ही छात्र नदीम (11) शामिल हैं। परिजनों के अनुसार शिवांश सोमवार सुबह करीब नौ बजे परीक्षा देने के लिए स्कूल जा रहा था। जैसे ही वह विद्यालय के पास पहुंचा, अचानक चारदीवारी भरभराकर गिर गई और वह तथा पास खड़ा नदीम उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय विद्यालय का कोई भी स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को तुरंत टड़ियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन शिवांश की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे शहर के नघेटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
परिजनों के अनुसार हादसे में शिवांश का पैर टूट गया है और उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक जय प्रकाश नारायण भी निजी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर बच्चों का हाल जाना। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर चारदीवारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 🚑🏫


