27.5 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों के शव पहुंचते ही चीखों में बदला मोहल्ला, हर आंख नम

Must read

मोहम्मदाबाद: कस्बा मोहम्मदाबाद के वार्ड आजाद नगर में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब सड़क हादसे में मृत दो चचेरे भाइयों के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार वार्ड आजाद नगर निवासी उस्मान मंसूरी के 24 वर्षीय पुत्र आदिल मंसूरी तथा इस्लाम मंसूरी के 19 वर्षीय पुत्र समीर मंसूरी की बीती रात्रि अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया था।

अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक आदिल मंसूरी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और कस्बे में एक मुर्गे की दुकान पर काम करता था। उसके परिवार में छोटा भाई साजिद और बहन यास्मीन हैं। पिता उस्मान मंसूरी राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। पुत्र की असमय मौत से मां अफसाना बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं मृतक समीर मंसूरी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और कस्बे में एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम करता था। उसके परिवार में छोटा भाई समद मंसूरी तथा बहनें मुस्कान और इल्मा हैं। पिता इस्लाम मंसूरी भी राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। बेटे की मौत से मां सोनी बेगम सहित पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों शव घर पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बाद में जब दोनों चचेरे भाइयों के जनाजे एक साथ उठे, तो यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और हर किसी की आंखों से आंसू निकल पड़े। एक ही परिवार के दो युवकों की एक साथ मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article