समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
फर्रुखाबाद: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आकांक्षा समिति फर्रुखाबाद के तत्वावधान में “अग्रणी नारी सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, संगीत, कविता, पर्यटन तथा गंगा स्वच्छता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति की अध्यक्ष डॉ. वंदना द्विवेदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विश्वभर की महिलाओं के आत्मसम्मान और उनकी उपलब्धियों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव उच्च स्थान दिया गया है।
उन्होंने संस्कृत का प्रसिद्ध श्लोक “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास माना जाता है। यह हमारी संस्कृति में महिलाओं को शक्ति और सम्मान का प्रतीक मानने की परंपरा को दर्शाता है।
डॉ. वंदना द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय शिक्षा और ज्ञान का युग है। महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपने आत्मसम्मान के साथ कार्य करना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर जनपद की विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से श्रीमती सुमन त्रिपाठी, सुश्री दीपिका राजपूत, श्रीमती बिंदु गुप्ता, डॉ. शशि किरण सिंह (सभी शिक्षा क्षेत्र), सुश्री ऐश्वर्या उपाध्याय, श्रीमती दीप्ति वत्स, श्रीमती नम्रता सिंह, सुश्री निहारिका पटेल, प्रियंका गांधी, डॉ. सुनीता यादव, श्रीमती पूनम पाल, श्रीमती शुभांगी अग्निहोत्री, श्रीमती गीतांजलि पटेल तथा स्मृति अग्निहोत्री को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राना हिजाब और ताइक्वांडो की बालिकाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन सभी महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा, कविता, संगीत, चिकित्सा, गंगा स्वच्छता, पर्यटन और स्वयं सहायता समूहों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की कई सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। इनमें प्रमुख रूप से श्रीमती रश्मि सिंह, श्रीमती गुंजा जैन, श्रीमती मंजू सिंह, श्रीमती साक्षी गुप्ता, डॉ. ज्योति गुप्ता, श्रीमती श्रद्धा, श्रीमती अनीता पाठक, श्रीमती भावना गुप्ता, दीपिका त्रिपाठी और डॉ. मीनू गुप्ता शामिल रहीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राना हिजाब द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर चर्चा करते हुए उनके योगदान की सराहना की।


