– रामसनेहीघाट क्षेत्र में कल्याणी नदी पर हादसा, चालक गंभीर रूप से घायल
बाराबंकी। जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कल्याणी नदी पर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक कार नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और उसे तोड़ते हुए सीधे नदी में गिर गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुल से नदी में गिरी कार, युवक की मौत


