लखनऊ। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कामना की कि नवरात्र का पर्व सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने संकल्प से सिद्धि की यात्रा तय की है। प्रदेश ने कई चुनौतियों को पार करते हुए विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने एक समय के ‘उपद्रव से उत्सव प्रदेश’ बनने तक की महत्वपूर्ण यात्रा पूरी की है।
सीएम योगी ने अपने संदेश में विशेष रूप से नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नवनिर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि जहां बेटियां समर्थ होती हैं, वहीं समाज और प्रदेश भी सशक्त बनता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नारी शक्ति का सम्मान करें और मातृशक्ति को उचित स्थान दें। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी अपने सपनों को पूरा करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बेटियों को बेटों के समान अवसर प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है। जब बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और अवसर मिलेंगे, तभी उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने के अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में सद्भाव, शक्ति और सकारात्मक सोच को और मजबूत करे।
चैत्र नवरात्र से पहले सीएम योगी की प्रदेशवासियों को चिट्ठी, नारी शक्ति के सम्मान का दिया संदेश


