अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। चंपत राय ने बताया कि राम जन्मभूमि कॉम्प्लेक्स में मोबाइल फोन के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति सुरक्षा कर्मियों के साथ भी आता है तो उसे भी कॉम्प्लेक्स के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही लाइसेंसी रिवॉल्वर, तलवार या बंदूक जैसे हथियार भी परिसर में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि सिख समुदाय के धार्मिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए छोटी किरपान पहनने की अनुमति दी गई है। यह छूट केवल सिख श्रद्धालुओं के लिए होगी और वही किरपान मान्य होगी जो कानूनी रूप से रखने की अनुमति है।
चंपत राय ने बताया कि 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच सकते हैं। कई भक्त व्रत रखते हैं, इसलिए उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में फल, मखाना, मूंगफली और आलू के चिप्स जैसी व्रत से संबंधित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और टॉयलेट की व्यवस्था भी की जाएगी, जो असेंबली एरिया के पास उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए विशेष गेट की व्यवस्था की जा रही है, जिसकी विस्तृत जानकारी अगले एक-दो दिनों में साझा की जाएगी। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
राम जन्मभूमि कॉम्प्लेक्स में मोबाइल और हथियारों पर रोक, चंपत राय ने जारी की गाइडलाइन


