हमीरपुर में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहले दिन जिले में 1680 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासन और पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराई जा रही है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इसके लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीजी कॉलेज कुछेछा, श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चारों परीक्षा केंद्रों पर कुल 3360 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से पहले दिन 1680 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई है, जबकि शेष 1680 परीक्षार्थी 15 मार्च को परीक्षा देंगे। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन को अस्थायी रूप से रोका गया है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।


