सहारनपुर: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल के बीच चल रहे हालात की खबरों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एलपीजी गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। सहारनपुर सहित कई शहरों में गैस किल्लत की आशंका से घबराए उपभोक्ता सुबह से ही गैस एजेंसियों पर पहुंचने लगे, जिसके चलते एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
सहारनपुर में एलपीजी उपभोक्ताओं की चिंता उस समय बढ़ गई जब गैस की संभावित कमी की खबरें फैलने लगीं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरेलू सिलिंडर रिफिल कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच गए। सुबह करीब आठ बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ एजेंसियों के बाहर जमा होने लगी और देखते ही देखते लंबी लाइनें लग गईं। कई लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए गैस की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, इसलिए वे पहले ही सिलिंडर भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों को डर है कि अगर समय रहते सिलिंडर नहीं भरवाया गया तो आगे चलकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि सहारनपुर जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों के अनुसार गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
उधर उपभोक्ताओं की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब कई लोगों ने शिकायत की कि गैस एजेंसियों द्वारा दिए गए बुकिंग नंबर पर सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। बुकिंग प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कत आने के कारण कई लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसी वजह से कई उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलिंडर रिफिल कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भीड़ और बढ़ गई है।
इसी तरह मेरठ में भी गैस सिलिंडर को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शहर के बॉम्बे बाजार स्थित पासी गैस सर्विस पर सिलिंडर बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबा इंतजार और अव्यवस्था के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मौके पर हंगामा भी हो गया।
बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग और सिलिंडर की आपूर्ति में देरी के कारण बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पर पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि एजेंसी कर्मचारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
गैस किल्लत की आशंका के कारण लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल गैस की सप्लाई सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और घबराहट में अनावश्यक भीड़ न जुटाएं।


