मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को दो नई टाउनशिप विकसित करने के लिए शासन की ओर से 150 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इस योजना के तहत बीडीए 12 गांवों की भूमि का अधिग्रहण करेगा। टाउनशिप विकसित होने से शहर में बढ़ती आबादी और आवासीय संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश सरकार ने इस योजना के अंतर्गत आठ शहरों के लिए कुल 425 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय लिया है, जिसमें बरेली को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद बीडीए ने दोनों टाउनशिप के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है और जल्द ही सर्वे और अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
योजना के तहत आसपुर, खूबचंद, अडूपुरा, जागीर, अहिलादपुर, बरकापुर, कुम्हरा, कलापुर, मोहरनियां, नवदिया, कुर्मियांन और हरहरपुर समेत 12 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। शासन से मिली यह धनराशि अधिकतम 20 वर्षों के लिए दी गई है, जिसका उद्देश्य नए शहर के विकास के लिए जमीन जुटाने में आने वाली आर्थिक बाधाओं को दूर करना है।
इन टाउनशिप के विकसित होने से शहर का दायरा बढ़ेगा और लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुनियोजित आवासीय विकल्प मिल सकेंगे। इस योजना में आवास विकास परिषद को भी शामिल किया गया है। बीडीए अब चिन्हित गांवों में सर्वे और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुट गया है, ताकि सरकार की प्राथमिकता वाली इस योजना को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।


