अयोध्या जिले के तारुन ब्लॉक क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की गंभीर किल्लत देखने को मिल रही है। गैस बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। कई उपभोक्ताओं को गैस मिलने में दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं वर्तमान में शादी-विवाह और सहालग का समय होने के कारण रसोई गैस की मांग भी बढ़ गई है।
तारुन बाजार स्थित मनीष इंडियन रसोई गैस प्वाइंट पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। एजेंसी द्वारा केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को क्रमवार गैस दी जा रही है, जिन्होंने पहले से बुकिंग कराई है। वहीं उसी दिन बुकिंग कर सिलिंडर लेने आने वाले लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है और उन्हें अगले दिन आने की सलाह दी जा रही है।
मंगलवार को सुबह से दोपहर तक गैस एजेंसी पर लंबी लाइन लगी रही और लोगों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद तारुन बाजार के बाहर सड़क पर उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर सिलिंडरों का वितरण किया गया, लेकिन आपूर्ति सीमित होने के कारण कई लोग गैस नहीं पा सके। देवापट्टी निवासी बालकराम शर्मा ने बताया कि उन्हें लगभग तीन घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद सिलिंडर मिल पाया, जबकि वह पिछले दस दिनों से गैस के लिए परेशान थे।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में होम डिलीवरी भी नियमित रूप से नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार बुकिंग के लगभग एक सप्ताह बाद डीएससी नंबर आने पर ही गैस की डिलीवरी दी जा रही है। कुछ उपभोक्ताओं को बुकिंग के दौरान ओटीपी न आने की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे सिलिंडर मिलने में देरी हो रही है। बुधवार को भी गैस की आपूर्ति के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही और दोपहर तक गैस का वितरण किया गया।


